रायपुर- छत्तीसगढ़ भारतीय जनता पार्टी में बुधवार को दिनभर बैठकों का दौर चलेगा। इसके लिए खासतौर पर दिल्ली से भाजपा के सह संगठन मंत्री शिवप्रकाश और प्रभारी नितिन नबीन रायपुर पहुंच चुके हैं। दोनों ही नेता बैठकों में शामिल होंगे और प्रदेश के तमाम पदाधिकारियों से चर्चा करेंगे।

जानकारी के मुताबिक, निकाय स्तर के नेताओं की अलग बैठक होगी। माना जा रहा है कि इन बैठकों के बाद प्रदेश में निगम मंडल में अन्य पदाधिकारी की घोषणा, कैबिनेट विस्तार में मंत्रियों के नाम का ऐलान और संसदीय सचिवों से जुड़ी सूची भी भाजपा जल्द जारी कर सकती है।

ऐसा है संगठन के नेताओं का आज का शेड्यूल

शिवप्रकाश और नीतिन नबीन भाजपा और निगम-मंडल व आयोगों के पदाधिकारियों के साथ ही नगरीय निकायों के महापौर, सभापति, अध्यक्ष व उपाध्यक्षों की बैठक लेंगे। भाजपा प्रदेश महामंत्री जगदीश (रामू) रोहरा ने यह जानकारी देते हुए बताया कि सबसे पहले महामंत्रियों की बैठक होगी।

इसके बाद निगम, मंडल और आयोगों के अध्यक्षों व उपाध्यक्षों की बैठक होगी। फिर सभी मोर्चा प्रदेश अध्यक्षों की बैठक लेंगे। इसके बाद नगरीय निकायों के महापौर-सभापतियों, अध्यक्ष-उपाध्यक्षों के साथ ही जिला पंचायतों के अध्यक्ष-उपाध्यक्षों की बैठक नेता लेंगे।

कार्यकर्ताओं को क्या सीख मिली

एक दिन पहले मंगलवार शाम रायपुर में कार्यकर्ता सम्मेलन भी हुआ। भाजपा 6 अप्रैल स्थापना दिवस से ही अलग-अलग कार्यक्रम कर रही है। रायपुर के एकात्म परिसर स्थित भाजपा कार्यालय में कार्यकर्ताओं का सम्मेलन हुआ।

यहां मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि पहले पार्टी के दो सांसद हुआ करते थे, तब सत्ता पक्ष के लोग मजाक उड़ाकर व्यंग्य करते थे- हम दो हमारे दो। तब श्रद्धेय अटल जी कहा था कि अभी तो आप लोगों की हंसने की बारी है।

एक समय आएगा कि पूरा देश भाजपा के साथ होगा। आज देशभर में कमल खिल चुका है, खिलता जा रहा है। भाजपा की इस सफलता और जन-विश्वास को हमें आगे बढ़ाना है और पार्टी की मजबूती को बनाकर रखना है।

पवन साय बोले- हर कार्यकर्ता जरूरी

भाजपा प्रदेश संगठन महामंत्री और कार्यकर्ता सम्मेलन के मुख्य वक्ता पवन साय ने कहा- आपके कारण ही भाजपा आज इस ऊंचाई तक पहुंची है। भाजपा का एक-एक कार्यकर्ता हमारे लिए संगठन खड़ा करने वाला है।

आज विधानसभा, लोकसभा, नगर निगम एवं पंचायत में भी आप सभी कार्यकर्ताओं की मेहनत से पंचायत से लेकर पार्लियामेंट तक भाजपा का ध्वज लहरा रहा है। लेकिन हमने केवल विचार के लिए कार्य किया था जिसकी वजह से भाजपा आज यहां पर खड़ी है।

भाजपा एक राजनीतिक संगठन, एक वैचारिक आंदोलन भी है और एक यूनिवर्सिटी भी है जिसमें सभी आकर सीख सकते हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here