रायपुर- छत्तीसगढ़ में बीते 5-6 दिनों से मौसम ड्राई होने और बारिश नहीं होने से कई जिलों में तापमान चार डिग्री तक बढ़ गया है। ये ट्रेंड अगले दो से तीन दिन और बने रह सकता है। बता दें कि हफ्तेभर से मानसून नारायणपुर और कोंडागांव से आगे नहीं बढ़ पा रहा है। दरअसल, मानसून को आगे पुश करने वाले मौसमी सिस्टम कमजोर पड़ गए हैं।
मौसम विभाग के मुताबिक बंगाल की खाड़ी में बनने वाले सिस्टम और अरब सागर से आने वाली हवा में तीव्रता होने पर ही मानसून आगे बढ़ेगा। रायपुर में मानसून पहुंचने के लिए कुछ दिन इंतजार करना पड़ सकता है।
इस बीच मौसम विभाग ने आज बस्तर संभाग के बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर और सुकमा में थंडर स्टॉर्म का यलो अलर्ट जारी किया है। यहां गरज-चमक के साथ 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है। बिजली गिर सकती है। अन्य जिलों में मौसम सामान्य रहेगा। शुक्रवार को राजनांदगांव 40.5°C के साथ सबसे गर्म रहा।