बस्तर पुलिस ने रिटायर्ड डिप्टी मैनेजर से 20 लाख की ठगी करने वाले दो ठगों को नोएडा से गिरफ्तार किया। आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा गया और जांच जारी है।
जगदलपुर- बस्तर पुलिस ने बैंक के रिटायर्ड डिप्टी मैनेजर से ठगी करने वाले दो शातिर अंतरराष्ट्रीय ठगों को उत्तर प्रदेश के नोएडा से गिरफ्तार किया है। इन ठगों ने रिटायर्ड डिप्टी मैनेजर से लाखों रुपये की ठगी की थी। दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
रिटायर्ड डिप्टी मैनेजर से 20 लाख की ठगी
बस्तर पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा ने बताया कि जगदलपुर के मोतीलाल नेहरू वार्ड निवासी आनंद राव देशमुख, जो 2015 में एसबीआई की एडीबी ब्रांच से डिप्टी मैनेजर के पद से रिटायर हुए थे। उन्होंने एचडीएफसी लाइफ इंश्योरेंस पॉलिसी ली थी। आर्थिक तंगी के कारण उन्होंने केवल एक किश्त जमा की और पॉलिसी पर ध्यान नहीं दिया। अक्तूबर 2023 में एक अज्ञात व्यक्ति ने उन्हें फोन कर पॉलिसी रिन्यूअल का झांसा दिया और 2023 से अप्रैल 2025 तक अलग-अलग किश्तों में 20 लाख रुपये से अधिक ऐंठ लिए।
बेटे को शक, ठगों ने लौटाए नौ लाख
जब देशमुख के बेटे को इसकी जानकारी हुई, उसने अज्ञात व्यक्ति से सख्ती से पूछताछ की। ठग ने कबूल किया कि पॉलिसी रिन्यू नहीं हुई और पूरी रकम लौटाने का वादा किया। कुछ दिनों बाद 9 लाख 2 हजार रुपये पीड़ित के खाते में लौटाए गए, लेकिन 11 लाख 88 हजार रुपये अभी भी बकाया हैं। इसके बाद पीड़ित ने कोतवाली थाने में एफआईआर दर्ज कराई।
पुलिस की जांच और नोएडा में छापा
एफआईआर के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और बैंकों से जानकारी जुटाई। जांच के दौरान ठगों के नोएडा सेक्टर 62, 63 और 66 से लगातार कॉल आने का पता चला। पुलिस की विशेष टीम ने नोएडा में तीन दिन तक रेकी की और एक होटल के पास घेराबंदी कर दो संदिग्धों, लवकुश और राहुल कुमार को गिरफ्तार कर लिया। दोनों लालगंज नोएडा के रहने वाले हैं।
महिला सहित अन्य राज्यों में तार जुड़े
पूछताछ में आरोपियों ने एक महिला के शामिल होने की बात कबूली। पुलिस अब उसकी तलाश में है। तकनीकी जांच में गुजरात, महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश और हरियाणा के लोगों से आरोपियों के संपर्क का पता चला, जिनसे भी ठगी की आशंका है। पुलिस इसकी जांच कर रही है।
आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा
पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है और मामले की गहन जांच जारी है। बस्तर पुलिस की इस कार्रवाई से ठगी के अंतरराष्ट्रीय गिरोह के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है।