नई दिल्ली/भोपाल/इम्फाल- मानसून की तेज बारिश के बाद मणिपुर में आई बाढ़ से 1.64 लाख लोग प्रभावित हैं। राज्य में 35 हजार से ज्यादा घरों को नुकसान पहुंचा है। करीब 4 हजार लोगों का रेस्क्यू किया गया है। 77 राहत शिविर खोले गए हैं। बीते 4 दिन में 100 से ज्यादा लैंडस्लाइड की घटनाएं हुई हैं।

मणिपुर में बाढ़ से सबसे ज्यादा इंफाल पश्चिम जिला प्रभावित है। यहां 56 हजार लोग परेशानी से जूझ रहे हैं। वहीं, इंफाल पूर्वी जिले के कई इलाकों में 4 दिनों से पानी भरा हुआ है। नगालैंड को मणिपुर से जोड़ने वाला NH-2 का 50 मीटर का हिस्सा धंस गया है।

इधर, मिजोरम सरकार ने टूरिस्ट्स के लिए एडवाइजरी जारी की है। इसमें कहा गया है कि राज्य में 24 मई से तेज बारिश जारी है। ऐसे में 13 जून तक यहां आने से बचें। 24 मई से 3 जून तक 11 दिनों में राज्य में 626 लैंडस्लाइड की घटनाएं हुई हैं। इसमें 5 लोगों की मौत हो गई है।

असम में मंगलवार को बाढ़ से 6 और लोगों की मौत हो गई। यहां लैंडस्लाइड-बाढ़ में मरने वालों आंकड़ा 17 पहुंच गया है। राज्य के 21 जिले के 6 लाख से ज्यादा लोग प्रभावित हैं। 7 नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। हैलाकांडी में कटाखाल नदी का जलस्तर सबसे ज्यादा है।

मध्य प्रदेश और बिहार में भी आंधी-बारिश का दौर जारी है। आज दोनों राज्यों में 60kmph की रफ्तार से आंधी चलने का अलर्ट है। एमपी के 17 और बिहार के 29 जिलों में बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने राजस्थान के 29 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here